दुभरा की अस्थाई गौशाला बनी मिसाल, बेजुबान गौमाताओं की हो रही जी-जान से देखभाल

मिठवल/सिद्धार्थनगर। जनपद सिद्धार्थनगर के विकास खण्ड मिठवल अन्तर्गत ग्राम पंचायत दुभरा का अस्थाई गौशाला इन दिनों बेजुबान गौमाताओं की देखभाल के मामले में पूरे क्षेत्र के लिए मिसाल बन गया है। जहां कई स्थानों पर गौशालाओं में सुविधाओं की कमी और लापरवाही की शिकायतें आम हैं, वहीं दुभरा की गौशाला में बेहतर प्रबन्धन और स्नेहपूर्ण देखभाल का नजारा कुछ और ही कहानी कहता है। ग्राम पंचायत दुभरा में प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही गौ-संरक्षण योजनाओं को धरातल पर उतारने में ग्राम प्रधान और उनकी टीम किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरत रही। अस्थाई गौशाला में मौजूद गायों के लिए समयानुसार चारा-भूसा, चना और पीने के पानी की भरपूर व्यवस्था की गई है। साथ ही कर्मियों द्वारा गायों की साफ-सफाई और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। ग्राम प्रधान के निर्देश पर गौशाला में नियमित रूप से चारा और पानी की आपूर्ति की जाती है, ताकि गौमाताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं, ग्राम सचिव और अन्य कर्मी भी योजनाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। ग्राम पंचायत दुभरा के अस्थाई गौशाला में की जा रही यह मानवीय पहल न केवल क्षेत्र के लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत है, बल्कि यह साबित करती है कि यदि नीयत सही हो तो सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमन्दों तक पहुंचाया जा सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां की व्यवस्था देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि गौमाताओं की सेवा ही यहां की पहली प्राथमिकता है। दुभरा के ग्राम प्रधान और कर्मियों की यह कोशिश पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।



