थाना चिल्हियां में शान्ति समिति की बैठक हुई सम्पन्न

चिल्हियां/सिद्धार्थनगर। क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ पवीन प्रकाश के नेतृत्व में मंगलवार को थाना चिल्हियां परिसर में शान्ति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थानाक्षेत्र के संभ्रान्त व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों एवं धर्मगुरुओं ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी बारावफात एवं विश्वकर्मा पूजा पर्व को शान्तिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने का था। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से कहा कि सभी धर्मावलम्बी एक-दूसरे के पर्वों का सम्मान करें और किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना से दूर रहें। क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ ने बताया कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी इंतजाम किये गये हैं। उन्होंने सभी उपस्थित नागरिकों से सहयोग की अपील की। बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं व संभ्रान्त नागरिकों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे आपसी भाईचारे और शान्ति बनायें रखने में हर सम्भव सहयोग करेंगे। उल्लेखनीय है कि शान्ति समिति की ये बैठक त्योहारों पर सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य है।




