वालीबाल में देवरा चौधरी ने मधुबेनिया को हराया

सिद्धार्थनगर। ब्लॉक स्तरीय वालीबॉल प्रतियोगिता पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवरा चौधरी में सम्पन्न हुआ, जिसका शुभारम्भ खण्ड शिक्षा अधिकारी रामू प्रसाद ने फीता काटकर तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके किया। ब्लॉक स्तरीय वालीबॉल प्रतियोगिता में मेजबान पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवरा चौधरी के अलावा पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय मधुबेनिया, कम्पोजिट विद्यालय काशीपुर और सूर्यकुडिया के बच्चों ने भाग लिया। पहला मुकाबला मधुबेनिया और सूर्यकुडिया के मध्य खेला गया, जिसमें मधुबेनिया ने पहले चक्र में 14 अंक से जीत हासिल कर फाइनल में अपना स्थान बना लिया। वहीं दूसरा मुकाबला काशीपुर और देवरा चौधरी के मध्य हुआ, जिसमें देवरा चौधरी ने काशीपुर को हराकर फाइनल के लिए अपना स्थान सुरक्षित कर लिया। फाइनल मैच का कड़ा मुकाबला देवरा चौधरी और मधुबेनिया के बीच हुआ, पहले चक्र में देवरा चौधरी ने मधुबेनिया को 18 अंक से पराजित किया वही दूसरे चक्र में माधुबेनिया ने देवरा चौधरी को 16 अंक से पराजित किया। बेहद कड़े और अन्तिम मुकाबले में देवरा चौधरी ने मधुबेनिया से 02 अंक की बढ़त हासिल कर जीत अपने नाम दर्ज कर लिया।कार्यक्रम में अन्त में जिला व्यायाम शिक्षिका श्रीमती सीमा द्विवेदी ने बच्चों को मेडल और ट्राफी देकर उनकी हौसला अफजाई की तथा बच्चों को खेल खेल के माध्यम में घर परिवार समाज का नाम रौशन करने की सलाह दी।कार्यक्रम का सफल आयोजन मेजबान पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवरा चौधरी के प्रधानाध्यापक एवं पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला महामंत्री कलीमुल्लाह, ब्लॉक व्यायाम शिक्षक साधू शरण चौहान ने किया। उक्त अवसर पर प्रधानाध्यापक सेराज अहमद, फूलचन्द्र, राजेन्द्र प्रसाद, अभिषेक यादव, विजय चौधरी, नगमा बानो, नीलम देवी, मोहम्मद काशिफ, नागेश्वर प्रसाद, निर्मला, सरस्वती आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।




