कस्टम व एसएसबी की टीम ने किया राज ट्रेडर्स मटियारिया की जांच

चिल्हियां/सिद्धार्थनगर। थाना क्षेत्र कपिलवस्तु के बजहा चौकी अन्तर्गत मटियरिया में शनिवार को राज ट्रेडर्स पर कस्टम और एसएसबी की टीम जांच के लिए पहुंची। संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत पर हुई इस कार्रवाई के दौरान समाचार कवरेज कर रहे पत्रकारों से अभद्रता की गई और उनके मोबाइल छीनने का प्रयास किया गया। टीम को बिना किसी कार्रवाई के वापस लौटना पड़ा। आपको बता दें कि शनिवार को शाम करीब चार बजे एसएसबी बजहा प्रभारी पंकज सिंह और कस्टम के शारदा प्रसाद तिवारी ने राज ट्रेडर्स पर घन्टों चेकिंग की। दुकान पर एक पिकअप से जूता-चप्पल उतारे जा रहे थे, जिनके नेपाल भेजे जाने का सन्देह था। दुकान मालिक जितेन्द्र ने जांच के दौरान सामानों के बिल प्रस्तुत किये। जांच की खबर कवरेज कर रहे पत्रकारों के साथ जितेन्द्र और उनके सहयोगियों ने अभद्रता की। उन्होंने पत्रकारों के मोबाइल छीनने का भी प्रयास किया। कस्टम और एसएसबी के अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला। सूत्रों के मुताबिक मटियरिया चौराहे पर स्थित राज ट्रेडर्स के नाम से एक कमरे में बोर्ड लगा है, जबकि तीन अन्य कमरों में चप्पल और कपड़ों का गोदाम बनाया गया है। लोग बताते है कि रोज यहां 2 से 3 पिकअप माल आता है और कब कहां गायब हो जाता है, समझ से परे है। लोगों का मानना है कि दुकान पर लगे कैमरे की जांच में कुछ माल आने और जाने के सबूत मिल सकते हैं। आरोप है कि मौका मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देकर बाइक से सामान नेपाल पहुंचाया जाता है। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि यदि सही जांच हो, तो सीमा क्षेत्र की कई अन्य दुकानें भी अवैध व्यापार में संलिप्त पाई जा सकती हैं। बताया जाता है कि राज ट्रेडर्स के मालिक की पकड़िहवा में भी किराना सामान की एक बड़ी दुकान है। यहां से छोटे बच्चों द्वारा साइकिल और बाइक से दिन-रात सामान नेपाल पहुंचाया जाता है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक करीब 20 से 22 बर्षीय लड़के इस काम में लगे हैं। खाने-पीने का सामान होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां अक्सर इस पर ध्यान नहीं देतीं, जिसका व्यवसायी फायदा उठा रहे हैं। लोगों में इस बात की चर्चा तेज है कि यदि जांच सही तरीके से की जायें, तो बड़ा खुलासा हो सकता है।एसएसबी के बीओपी बजहा प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि कस्टम अधिकारियों ने दुकान खुलवाकर जूतों के बण्डल के बिलों की जांच की है।



