उसका बाजार का ऐतिहासिक रामलीला आज से

उसका बाजार। श्री पयोहारी आश्रम उसका बाजार द्वारा प्रतिवर्ष शारदीय नवरात्र में होने वाला ऐतिहासिक रामलीला कल 27 सितंबर दिन शनिवार को आश्रम में भगवान के सम्मुख मंगला चरण से शुरू होगा। श्री पयोहारी आश्रम उसका बाजार के महंत लाल बहादुर दास ने बताया कि दो सदी से अधिक समय से चले आ रहे रामलीला का शुभारंभ शनिवार से होगा और रामलीला बाग उसका राजा में विजय दशमी के दिन भव्य दशहरा मेला लगेगा। रविवार 28 सितंबर को कूड़ा नदी के तट पर आश्रम के सामने राम केवट संवाद का सजीव मंचन होगा। तत्पश्चात भगवान प्रभु श्रीराम अपनी पत्नी सीता एवं भाई लक्ष्मण जी के साथ गंगा पार करेंगे। दुःखी मांझी घाट पर प्रभु के आगमन पर नगरवासियों द्वारा स्वागत कार्यक्रम होगा। सोमवार 29 सितंबर को शाम में पुलिस सहायता केंद्र के पास जानकी हरण का सजीव मंचन होगा। इसी जगह पर 30 सितंबर दिन मंगलवार को शाम को बाली बध एवं सुग्रीव मित्रता का झांकी के साथ सजीव मंचन होगा। पहली अक्टूबर दिन बुधवार को शाम को रामलीला बाग उसका राजा में लंका दहन का मंचन होगा। गुरुवार 2 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर रामलीला बाग में भव्य एवं आकर्षक दशहरा मेला का आयोजन होगा। मेला में रावण का भव्य पुतला बनाया जाएगा। सेतु बांध, राम-रावण युद्ध का सजीव मंचन होगा। रावण के पुतला दहन होने के बाद मेला का समापन होगा। शनिवार, 4 अक्टूबर को प्रभु श्रीराम का नगर भ्रमण एवं भरद्वाज आश्रम उसका बाजार में भरत मिलाप एवं रामराज्याभिषेक के बाद रामलीला सम्पन्न होगा।




