सिद्धार्थनगर में मार-पीट के दौरान बचाने गये व्यक्ति की मौत, तीन आरोपी गिरफ्तार

सिद्धार्थनगर। कुछ दिन पूर्व हुई एक दुखद घटना में सिद्धार्थनगर के गोल्हौरा थानाक्षेत्र के अकोल्हिया गांव में मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने गये एक व्यक्ति सेवक साहनी की इलाज के दौरान मौत हो गई। आपको बता दें कि 27 अगस्त की शाम को हुई इस मारपीट में सेवक साहनी और उनकी पत्नी रामवती बुरी तरह से घायल हो गये थे। उन्हें तुरन्त लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक जिन्दगी और मौत से जूझने के बाद सेवक साहनी ने दम तोड़ दिया। घटना के तुरन्त बाद पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि चौथा आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। वहीं सेवक साहनी की मौत की खबर सुनते ही पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया है। उनके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने पर युवा नेता अतुल उपाध्याय ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिवार को हर सम्भव मदद का आश्वासन भी दिया है।




