नगर पंचायत इटवा में बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी

इटवा/सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत इटवा के छात्र-छात्राओं के साथ उन लोगों के लिए अच्छी खबर है, जो पढ़ने एवं किताबों में रुचि रखते हैं। निकाय क्षेत्र में करीब 57 लाख रुपये की लागत से डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना होगी, जो आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। इस लाइब्रेरी में डिजिटल तकनीक के साथ एलईडी स्क्रीन, कम्प्यूटर एवं टेबलेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। शुक्रवार की शाम नगर पंचायत अध्यक्ष विकास जायसवाल ने एसडीएम व जेई के साथ चिंहित भूमि का निरीक्षण किया और शीघ्र ही प्रक्रिया के तहत कार्य प्रारम्भ करने के निर्देश दिये। चेयरमैन विकास जायसवाल, एसडीएम कुणाल व अवर अभियन्ता आशीष सिंह ने इटवा तहसील परिसर स्थित लाइब्रेरी भूमि का निरीक्षण किया। लाइब्रेरी में विभिन्न विषयों की पुस्तकें, समाचार पत्र भी उपलब्ध होंगे। छात्र-छात्राओं के लिए बैठने की भी बेहतर व्यवस्था होगी। अध्यक्ष ने कहा कि नगर पंचायत का ये ड्रीम प्रोजेक्ट है। निश्चित ही युवा इस लाइब्रेरी से लाभ उठाकर भविष्य बेहतर बना सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट के लिए 57 लाख रुपये की स्वीकृति हुई है। इसमें से 28.5 लाख धन आ चुका है। शीघ्र ही लाइब्रेरी का निर्माण प्रारम्भ हो जायेगा।




