नपा शोहरतगढ़ के शिवनगर से डोईया नाला मार्ग जर्जर

शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। आदर्श नगर पंचायत शोहरतगढ़़ के वार्ड नम्बर-09 में शिवनगर से डोईया नाला तक जाने वाली सड़क की स्थिति खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गये हैं। बारिश के दौरान ये गड्ढे पानी से भर जाते हैं, जिससे आवागमन में परेशानी होती है। इस मार्ग पर उप निबन्धक कार्यालय स्थित है। कार्यालय में काम के लिए आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इसी सड़क से गणेश मूर्ति और दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन भी होता है। वर्तमान में सावन मास चल रहा है। शोहरत नाथ शिव मंदिर भी इसी मार्ग पर स्थित है। सोमवार को शिव भक्तों को जलाभिषेक के लिए इस सड़क का उपयोग करना पड़ता है। स्थानीय नागरिक रामकुमार, संजय, रामसेवक, शुभम, मनीष, सनी, मुस्ताक अहमद, नसरुद्दीन कुरैशी, शम्मी, राजेश कसौधन और सभासद अनूप कसौधन ने सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की है। उनका कहना है कि इससे आने वाले त्योहारों में मूर्ति विसर्जन में सुविधा होगी और नागरिकों की परेशानी भी दूर होगी।




