जिले में चोरों का आतंक, दो हफ्तों में 5 घरों से 10 लाख से ज्यादा की चोरी, पुलिस हैं बेबस

डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। जिले के थाना क्षेत्र डुमरियागंज में चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। पिछले 12 दिनों में पांच बड़ी चोरियां हुई हैं। बीती रात डुमरियागंज और त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र में दो घरों से लाखों की चोरी हुई। त्रिलोकपुर के धनोहरी गांव में रामफेर मौर्य के घर से चोर 55 हजार रुपए नगद और करीब दो लाख के जेवरात चोर चुराकर चम्पत हो आयें। डुमरियागंज के मन्नीजोत गांव में संदीप अग्रहरि के घर से 90 हजार रुपए नगद और 06 लाख के जेवरात चोरी हुए। संदीप उस समय अपने पिता के इलाज के लिए लखनऊ पीजीआई गये थे। इससे पहले चिल्हियां थाना क्षेत्र के महादेवा और बेलगड़ा गांव में चोरों ने नकाब लगाकर लाखों की चोरी की। कोतवाली सिद्धार्थनगर के जगदीशपुर राजा गांव में भी सेंधमारी की गई। लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में दहशत और गुस्सा है। उनका कहना है कि पुलिस सिर्फ औपचारिकता निभा रही है। सीओ डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा अवकाश पर हैं। पुलिस का दावा है कि जांच जारी है और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जायेगा।




