चिकित्सा शिविर का हुआ आयोजन, 126 मरीजों का जांचकर निःशुल्क दवा वितरित

डुमरियागंज। नगर क्षेत्र के बैदौला हैडिल के पास एक निजी प्रतिष्ठान पर रविवार को आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने स्वास्थ्य जांच कराई। शिविर में कुल 126 मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं।शिविर में रक्त शर्करा (आरबीएस), एचबीएवनसी, सीरम यूरिक एसिड, बीएमआई, बोन मिनरल डेंसिटी, पीएफटी, ईसीजी, एलएफटी समेत कई जांचें निःशुल्क की गईं। इन जांचों का उद्देश्य मधुमेह, गठिया, हड्डियों की कमजोरी, अस्थमा, हृदय एवं लीवर संबंधी रोगों की पहचान कर मरीजों को सही उपचार उपलब्ध कराया गया।शिविर में मरीजों का परीक्षण कर रहे डा. आशीष गुप्ता ने बताया कि समय पर जांच और सही इलाज से गंभीर बीमारियों को शुरुआती चरण में ही रोका जा सकता है। हमारा प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भी उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों और वे किसी भी लक्षण को नज़रअंदाज न करें। ऐसे आयोजन गरीब तबके और जरूरतमंद लोगों के लिए वरदान साबित होते हैं। शिविर में डा. आशीष गुप्ता, सुशील यादव, अभिषेक, अमित मिश्रा, प्रदीप, शुभम, प्रमेश तिवारी आदि सहित कई विशेषज्ञ भी मौजूद रहे।




