लच्छनपुर गांव में किशोरियों के लिए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर प्रशिक्षण

उसका बाजार/सिद्धार्थनगर। विकास खण्ड उसका बाजार-एलआईसी एचएफएल हृदय परियोजना के अन्तर्गत इण्डो ग्लोबल सोशल सर्विस सोसायटी द्वारा लच्छनपुर गांव में किशोरियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा मासिक धर्म से जुड़े मिथक और सामाजिक कुरीतियों को दूर करना था। प्रशिक्षण में लगभग 50 किशोरियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। विशेषज्ञों ने प्रशिक्षण के दौरान मासिक धर्म से पहले और बाद की स्वच्छता, मासिक धर्म से जुड़े भ्रांतियों, तथा प्रजनन स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही, इस दौरान सही खानपान की आदतें, मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल और स्वच्छता अपनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। इस पहल का उद्देश्य किशोरियों में आत्मविश्वास बढ़ाना, स्वास्थ्यकर आदतों को प्रोत्साहित करना और समाज में प्रचलित वर्जनाओं को तोड़ना है। प्रतिभागियों ने बताया कि इस प्रकार का प्रशिक्षण उनके जीवन में बहुत उपयोगी सिद्ध होगा और वे इस जानकारी को अपने साथियों के साथ भी साझा करेंगी। यह प्रशिक्षण एलआईसी एचएफएल हृदय परियोजना की उसी श्रृंखला का हिस्सा है, जिसके अन्तर्गत ग्रामीण समुदायों में स्वास्थ्य, जागरूकता और सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है।




