विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर डीएम हुए सख्त जिले के विभागों को दी चेतावनी, लक्ष्य नहीं तो होगी कार्रवाई

सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी डॉ0 राजागणपति आर0 ने बीते दिन कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह भी बैठक में मौजूद रहें। डीएम ने विभागों की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की। कई विभागों की रैंकिंग में गिरावट देखी गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत प्रगति जरूरी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और पीएम कुसुम योजना की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कोई भी पात्र लाभार्थी योजनाओं से वंचित न रहें। पंचायत भवनों और ग्रामीण स्टेडियमों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। विद्युत विभाग को खराब ट्रांसफॉर्मर बदलने के निर्देश दिये गये। सभी ट्रांसफॉर्मर पर जालियां लगाने और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। पीएम सूर्य घर योजना में प्रगति बेहद कम पायी गयीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समय सीमा में लक्ष्य पूरा करने की चेतावनी दी। स्वयं सहायता समूहों के गठन, छात्रवृत्ति योजनाओं और सड़क निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिये गये। जल जीवन मिशन के तहत ओवरहेड टैंक का निर्माण जल्द पूरा करने और खुदाई से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के आदेश दिये गये।




