बीएएमएस के विद्यार्थियों को एंटी रैगिंग के बारे में दी गई जानकारी

बहराइच। डॉ. सर्वेश कुमार शुक्ला आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज सबलापुर में एंटी रैगिंग सप्ताह का समापन हुआ। विद्यार्थियों को रैगिंग जैसी अमानवीय प्रवृत्तियों से दूर रहने एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाएं रखने का संकल्प दिलाया गया। एंटी रैगिंग कार्यक्रम में रैली,पोस्टर प्रतियोगिता, निबंध एवं भाषण का भी आयोजन किया गया। कॉलेज परिवार ने एक स्वर में यह संदेश दिया कि“रैगिंग नहीं, मित्रता हमारा संस्कार हैष् वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत कर मैत्रीपूर्ण वातावरण बनाए रखने का आश्वासन दिया। संस्था डायरेक्टर पल्लवी शुक्ला व आयुर्वेद प्राचार्य डॉ. आनंद कुमार चौरसिया ने कहा कि रैगिंग जैसी कुप्रथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण के लिए घातक है, इसलिए इसे जड़ से समाप्त करना हम सभी की जिम्मेदारी है। डॉ. मनीष कुमार शर्मा ने कहा कि आयुर्वेद में “सद्वृत्त” (सदाचार) का पालन करने की शिक्षा दी गई है, जो रैगिंग जैसी प्रवृत्तियों के विरुद्ध है। अतः विद्यार्थियों को सदैव मर्यादित आचरण, सहयोग एवं भाईचारे की भावना से रहना चाहिए। प्राचार्य ने सभी विद्यार्थियों को शपथ भी दिलाई। इस मौके पर प्रबंधक आस्था शुक्ला, डॉ. चंद्र शेखर, डॉ. मुकेश माहिच, डॉ. पवन वर्मा, डॉ. संदीप, डॉ. मनीष शुक्ला व जगदंबा प्रसाद शुक्ला मौजूद रहें।




