जन्माष्टमी देखने से मां ने किया मना, नाराज किशोरी ने लोहे के पाइप में दुपट्टे से लगा ली फांसी

इटवा/सिद्धार्थनगर। तहसील इटवा के मिश्रौलिया थाना क्षेत्र अन्तर्गत नागचौरी गांव निवासिनी 16 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका की पहचान प्रीति पुत्री रामानन्द के रूप में हुई है। शनिवार की रात को प्रीति ने जन्माष्टमी कार्यक्रम देखने जाने की जिद की तो उसकी मां मीरा ने मना कर दिया। इससे नाराज होकर किशोरी प्रीति अपने कमरे में चली गई। देर रात उसने (किशोरी) टीन शेड में लगे लोहे के पाइप में दुपट्टे से फांसी लगा ली। जब मां बेटी को बुलाने गईं तो उन्हें प्रीति फांसी पर लटकी मिली। परिजनों ने उसे नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मिश्रौलिया थाना प्रभारी नारायण लाल श्रीवास्तव ने बताया कि किशोरी की मां ने आत्महत्या से सम्बन्धित तहरीर दी है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।




