आवारा कुत्तों के आतंक से लोग दहशत में, कई लोगों को काटकर किया घायल

भारतभारी/सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत भारत भारी के बढ़नी कोल्ड स्टोरेज में आवारा और पागल कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। राह चलते लोगों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों पर कुत्तों के हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। राम लौटन, सैय्यद अली, राम वृक्ष, राम रूप के अनुसार बढ़नी कोल्ड स्टोरेज के आस-पास दर्जनों आवारा कुत्ते घूम रहे हैं। इनमें से कई पागल हो चुके हैं और बिना किसी उकसावे के लोगों पर हमला कर देते हैं। पिछले दो दिनों में कुत्तों के काटने की कई घटनायें सामने आयीं हैं। सभी घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है। लोग अपने बच्चों को अकेले घर से बाहर नहीं भेज पा रहे हैं। सुबह-शाम कुत्तों के झुण्ड गलियों और सड़कों पर डेरा जमाये रहते हैं। यह स्थिति बेहद खतरनाक होती जा रही है। घर के बाहर निकलते ही कुत्ते दौड़ा लेते हैं। नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से इन पागल और हिंसक कुत्तों को जल्द पकड़वाने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया, तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी राजन गुप्ता ने समस्या की जानकारी मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जल्द ही कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जायेगा। साथ ही क्षेत्र में जागरूकता अभियान भी चलाया जायेगा, ताकि लोग सतर्क रह सकें।




