बालक की पोखरे में डूबने से मौत

कठेला/सिद्धार्थनगर। थाना क्षेत्र कठेला समयमाता अन्तर्गत ग्राम पंचायत कठेला जनूबी के टोला केवटहिया में रविवार को गायब हुए 10 वर्षीय बालक का शव सोमवार को गांव के पोखरे में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक थाना कठेला समयमाता अन्तर्गत ग्राम पंचायत कठेला जनूबी के केवटहिया टोला निवासी रमेश ने रविवार को अपने पुत्र 10 बर्षीय राजा बाबू उर्फ डोले के गायब होने की सूचना थाने पर दिया था। जिसके बाद पुलिस ने बालक के गुमशुदगी का मुकदमा भी दर्ज कर लिया था। इधर परिजनों ने गांव के लोगों के साथ उसकी तलाश जारी रखा। सोमवार को सुबह लगभग 10 बजे टोले के दक्षिण तरफ पोखरे में कुछ लोगों ने राजा बाबू की लाश देखी। जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिया। परिजनों के मुताबिक मृतक बालक को मिर्गी का दौरा आता था। घटना से पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गयी। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। इस सम्बन्ध में कठेला समयमाता एसओ अभय सिंह ने बताया कि मृतक को मिर्गी का दौरा पड़ता था। संभवतः मौत का कारण वही है। पीएम रिपोर्ट के बाद कारण स्पष्ट हो जायेगा।




