ग्राम पंचायत फरीदाबाद में निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप

खेसरहा/सिद्धार्थनगर। विकास खण्ड खेसरहा के ग्राम पंचायत फरीदाबाद में निर्माण कार्यों में भारी भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। ग्राम विशुनपुरवा निवासी और ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य उपेन्द्र चतुर्वेदी ने प्रशासन को इस सम्बन्ध में शिकायत दर्ज कराई है। उपेन्द्र चतुर्वेदी ने आरोप लगाया है कि पंचायत निधि से कराये जा रहे निर्माण कार्यों में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। साथ ही कई कार्य अधूरे छोड़ दिये गये हैं। उनके अनुसार ग्राम प्रधान, सचिव और पंचायत सदस्यों की मिलीभगत से काली मिट्टी डालकर अधूरे निर्माण को पूरा दिखाया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने इसे पंचायत निधि का स्पष्ट दुरुपयोग बताया है। उन्होंने पहले भी जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जानकारी दी थी। लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। अब उन्होंने समाधान दिवस में शपथ पत्र सहित आवेदन प्रस्तुत कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग भी की है। इस सम्बन्ध में खेसरहा के बीडीओ अमित सिंह ने कहा है कि मामले की जांच कराई जायेगी। दोषी पाये जाने पर उचित कार्रवाई की जायेगी। प्रशासन द्वारा शीघ्र ही जांच प्रक्रिया शुरू किए जाने की सम्भावना है।




