एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और देश भक्ति की भावना को करता है मजबूत-जेसीओ एवं लोथा

शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। विधानसभा शोहरतगढ़ के बढ़नी ब्लाक अन्तर्गत सोमवार को तुलसियापुर चौराहे पर स्थित पं0 बाबूराम शुक्ल विद्या मंदिर इन्टर कालेज में एनसीसी भर्ती परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। 46 यूपी बटालियन एनसीसी गोरखपुर के तत्वावधान में आयोजित इस प्रक्रिया की निगरानी जेसीओ एल लोथा, थर्ड आफिसर धन्नजय पाठक ने किया। जूनियर डिवीजन के लिए हुए इस प्रवेश चयन में शारीरिक दक्षता परीक्षण के साथ-साथ लिखित परीक्षा के आधार पर 36 योग्य उम्मीदवारों का चयन किया गया। परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराया गया। जूनियर डिवीजन के लिए हुए भर्ती प्रक्रिया के लिए कुल 50 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिसमें 36 का चयन किया गया। चयन प्रक्रिया में दौड़, शारीरिक मापदण्डों की जांच तथा लिखित परीक्षा शामिल रही। इस अवसर पर चयनित कैडेट्स को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गये। जेसीओ एल लोथा ने बताया कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को मजबूत करता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य व रवि शुक्ल ने शान्तिपूर्ण और सफल भर्ती प्रक्रिया के लिए एनसीसी टीम की सराहना की तथा सभी चयनित कैडेट्स को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान आशाराम यादव, रामनरेश, सुमेरु गिरी, मलिक मोहम्मद अकरम, जितेन्द्र शुक्ल, अजय यादव, सन्त प्रसाद, प्रदीप मौर्य आदि मौजूद रहे।




