जाफर के एटीएम कार्ड बदलकर उच्चकों ने खाते से उड़ायें 25 हजार

इटवा/सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत इटवा में एक बैंक उपभोक्ता ठगी का शिकार हो गया। आपको बता दें कि पीड़ित से दो अनजान व्यक्तियों ने चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल दिया और फिर तीन बार में कुल 25 हजार रुपये निकाल लिया। रविवार को थाना क्षेत्र के मुड़िला सोनबरसा निवासी जाफर भारतीय स्टेट बैंक इटवा के बगल स्थित एटीएम पर पैसे निकालने गये थे। जाफर का कैनरा बैंक में खाता है। उनका खाता नंम्बर 87402200021050 है। एटीएम के पास दो अनजान लोग पहले से मौजूद थे। उन्होंने जाफर को बातों में उलझाया। इस दौरान चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद उन्होंने उसी एटीएम से तीन अलग-अलग लेनदेन में पैसे निकाले। पहले 6 हजार, फिर 10 हजार और अन्त में 9 हजार रुपए निकाल लिया। जब जाफर ने बदले हुए एटीएम कार्ड से पैसे निकालने की कोशिश की तो असफल रहे। कार्ड की जांच करने पर उन्हें पता चला कि यह उनका कार्ड नहीं है। पीड़ित ने इस घटना की शिकायत स्थानीय पुलिस थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर जांच शुरू कर दी है। इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी इटवा श्याम सुन्दर तिवारी ने बताया कि घटना का संज्ञान लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने सभी एटीएम कार्ड धारकों को सजग रहने की सलाह दी है। साथ ही कार्ड का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतने को कहा है।




