प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त का सजीव प्रसारण, किसानों को दी गई उपयोगी जानकारी

भनवापुर/सिद्धार्थनगर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त के तहत ₹20,500 करोड़ की राशि 9.7 करोड़ किसानों के खातों में सीधे ट्रांसफर की गई। यह हस्तांतरण माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा वाराणसी से किया गया, जिसका सजीव प्रसारण जिले के किसानों को दिखाया गया। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र सोहना एवं कृषि विभाग सिद्धार्थनगर के संयुक्त तत्वावधान में विकास खंड भनवापुर के सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय सांसद डुमरियागंज जगदंबिका पाल ने क्षेत्रीय जनता को सरकार की विभिन्न किसान-कल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों से अवगत कराया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य श्री प्रदीप कसौधन भी मंचासीन रहे। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र सोहना के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. ओम प्रकाश ने कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। अन्य वैज्ञानिकों द्वारा भी विभिन्न तकनीकी जानकारी किसानों को दी गईरू डॉ. प्रदीप कुमार ने धान की फसल में लगने वाले तना छेदक कीट के प्रबंधन हेतु कार्टप हाइड्रोक्लोराइड दानेदार की 7 किलो प्रति एकड़ मात्रा प्रयोग करने की सलाह दी। डॉ. शेष नारायण सिंह ने फसल अवशेष प्रबंधन की जानकारी देते हुए किसानों से अपील की कि वे खेतों में पराली न जलाएं। डॉ. सर्वजीत ने धान की फसल में खरपतवार नियंत्रण हेतु 15-18 दिन के भीतर खरपतवारनाशी के प्रयोग की सलाह दी। डॉ. प्रवेश कुमार ने बताया कि यदि धान की नई पत्तियां पीली होकर सफेद हो रही हों, तो फेरस सल्फेट 3 ग्राम प्रति लीटर पानी में घोलकर छिड़काव करें। डॉ. प्रवीण कुमार मिश्र ने आम का पौधा लगाने की विधि बताते हुए कहा कि 1 घन मीटर गड्ढे में 1 कुंटल गोबर की खाद एवं 200 ग्राम क्लोरोपायरिफॉस मिलाकर पौधा लगाएं। डॉ. मार्कण्डेय सिंह ने किसानों को सलाह दी कि वे धान की फसल में उचित जलस्तर बनाए रखें एवं बलिया निकलने से पूर्व प्रोपिकोनाजोल 1 मिली प्रति लीटर पानी में मिलाकर छिड़काव करें। कार्यक्रम में नीलम सिंह सहित कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि विभाग के कई कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी एवं विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे। किसानों में दिलीप, ओम प्रकाश, राजेंद्र, बालकृष्ण, सचिन, राजकुमार, रानी देवी एवं निर्मला देवी सहित बड़ी संख्या में किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।




