बांसी वाया खलीलाबाद सड़क मार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसे

बांसी/सिद्धार्थनगर। बांसी-खलीलाबाद मुख्य मार्ग पर सड़क हादसों का सिलसिला जारी है। शनिवार को कनपुरवा के पास एक और हादसे में पिपरा बेलहर कला निवासी फूलचन्द घायल हो गया। इस मार्ग पर सड़क मार्ग चौड़ीकरण कार्य के कारण जगह-जगह गड्डे, मलबा और अव्यवस्था बनी हुई है। वहीं स्थानीय निवासी फूलचन्द प्रजापति, सनी पाल, रामचन्द्र यादव और विकास शुक्ला ने बताया कि चौड़ीकरण कार्य शुरू होने के बाद से लगभग हर दिन कोई न कोई दुर्घटना हो रही है। निर्माण स्थल पर न तो कोई साइन बोर्ड लगाया गया है और न ही बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। रात में रोशनी की भी कोई सुविधा नहीं है। इससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण एजेंसी केवल सड़क बनाने में जुटी है। वह आम लोगों की सुरक्षा को पूरी तरह नजरअंदाज कर रही है। हादसों का मुख्य कारण निर्माण स्थल पर लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी है। वहीं खेसरहा थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा ने कहा कि यह लापरवाही सीधे तौर पर निर्माण एजेंसी की है। वे केवल काम करने पर जोर दे रही है, लेकिन सुरक्षा मानकों का पालन नहीं कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाये गये तो और भी गम्भीर हादसे हो सकते हैं। ग्रामीणों और राहगीरों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल निर्माण स्थल पर जरूरी सुरक्षा इंतजाम किये जायें। इससे रोज हो रहे हादसों पर रोक लगाई जा सकेगी। समय रहते ठोस कदम न उठाने पर यह लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।




