कस्बा शोहरतगढ़़ में झमाझम बारिश, किसानों को मिली राहत व बच्चों ने बारिश में खेलकर उठाया आनन्द

शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़़ तहसील अन्तर्गत नपा0 शोहरतगढ़़ और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार देर रात्रि से झमाझम बारिश शुरू हुई जो रविवार रुक-रुककर बरसती रही। इससे पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल बन गया। कई दिनों की उमस और तपती गर्मी के बाद बादलों ने राहत दी। किसानों के लिए यह बारिश वरदान साबित हुई है। धान की रोपाई के बाद से लगातार सूखे जैसी स्थिति बन रही थी। इससे खेतों की मिट्टी सूखने लगी थी। फसलें भी मुरझाने लगी थीं। स्थानीय किसान लवकुश चौधरी, संजय मिश्रा, जीत बहादुर चौधरी, पप्पू चौधरी, कृष्णकान्त शर्मा कृष्णदेव गुप्ता और विदय वर्मा ने बताया कि यह बारिश उनकी फसलों को संजीवनी देगी। किसानों ने राहत की सांस ली है। अब खेती की उम्मीद फिर से जगी है। वहीं छोटे-छोटे बच्चे भी इस मौसम का खूब आनन्द ले रहे हैं। बाजार और गलियों में बच्चे बारिश में भीगते हुए खेलते नजर आयें। कागज की नावें बनाकर और कीचड़ में फिसलते हुए बच्चों के ठहाकों की गूंज पूरे गांव में सुनाई दे रही है। वहीं स्थानीय दुकानों पर लोग चाय और पकौड़ी का आनन्द लेने पहुंचे हैं। मौसम के सुहावने होते ही पूरे शोहरतगढ़़ क्षेत्र में रौनक लौट आयीं है।




