बारिश से किसानों के चेहरे पर ल आई मुस्कान, खेतों की मिट्टी में आई नमी

खेसरहा/सिद्धार्थनगर। विकास खण्ड खेसरहा क्षेत्र में सोमवार की दोपहर एक बजे के आस-पास हुई हल्की बारिश ने किसानों के चेहरों पर राहत की मुस्कान ला दी है। कई दिनों से बारिश की कमी से चिंतित किसान अब धान की फसल को लेकर सन्तुष्ट दिख रहे हैं। बेलौहा बाजार, सेखुइ, मूजडीह, बनकेगांव, टिकुलिया, गोरियारी, सकारपार और महुलानी गांवों में करीब आधे घन्टे तक रिमझिम फुहार पड़ी। इससे खेतों की पपड़ी टूट गई। मिट्टी में जरूरी नमी आ गई। यह नमी धान के पौधों के विकास के लिए अनिवार्य है।बनकेगांव के किसान रामप्रसाद चौहान ने बताया कि पौधों का रंग पीला पड़ने लगा था। अब इस पानी से हरियाली लौटेगी। गोरियारी के किसान भोला यादव का कहना है कि फसल अब बढ़ने के चरण में है। ऐसे में यह बारिश वरदान साबित होगी। किसान राधेश्याम का मानना है कि यह प्रारम्भिक बारिश फसल को गति देगी। अगर अगले कुछ दिनों में और वर्षा होती रही तो उत्पादन बेहतर होने की सम्भावना है। किसानों को अब अच्छे मानसून की आशा है।




