सड़क दुर्घटना में दो गम्भीर रूप से घायल, मेडिकल कालेज रेफर

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। थानाक्षेत्र ढेबरूआ अन्तर्गत एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो युवक गम्भीर रूप से घायल हो गये। यह घटना दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर के कारण हुई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक हसुड़ी उर्फ गजेहड़ी गांव निवासी 25 बर्षीय पप्पू और 24 बर्षीय अनिल अपनी मोटरसाइकिल पर बढ़नी की तरफ से अपने गांव हसुड़ी उर्फ गजेहड़ी जा रहे थे। इसी दौरान पचपेड़वा की तरफ से तेज गति से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने वाली मोटरसाइकिल का चालक मौके से फरार हो गया। वहीं हादसे में पप्पू और अनिल गम्भीर रूप से घायल हो गये। आस-पास मौजूद लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बढ़नी पहुंचाया। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में ओपीडी में तैनात डॉ0 एन0पी0 सिंह ने बताया कि दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है। उनके दाहिने पैर में पंजे के पास फ्रैक्चर है, जिसकी गम्भीरता को देखते हुए उन्हें तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।




