विद्युत उपभोक्ताओं ने कठेला में नया फीडर बनवाने की मांग

शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। विधानसभा शोहरतगढ़ के विकास खण्ड इटवा अन्तर्गत कठेला क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं ने कठेला में नया विद्युत उपकेन्द्र बनवाने की मांग की है। इटवा ब्लॉक के कठेला क्षेत्र के लगभग छह दर्जन से अधिक गांवों में इटवा के पॉवर हॉउस पचमोहनी फीडर से विद्युत आपूर्ति की जाती है। पॉवर हॉउस की दूरी अधिक होने के कारण आये दिन फाल्ट होता रहता है, जिससे बिना रुकावट उपभोक्ताओं को बिजली नहीं मिल पा रही है। कुछ दिन पहले क्षेत्रीय विधायक विनय वर्मा के प्रयास से आये 250 केवीए ट्रांसफॉर्मर से लगभग आठ माह बाद विद्युत आपूर्ति शुरू की गई। क्षेत्रीय लोगों ने कठेला क्षेत्र के दर्जनों गांवों के हजारों विद्युत उपभोक्ताओं को बिना बाधा के बिजली मिले, इसके लिए कठेला में नये विद्युत उपकेन्द्र की मांग की है। इस सम्बन्ध में व्यवसायी सत्येन्द्र पाण्डेय, आरसी चौबे, किशन दूबे, मोहम्मद अख्तर, अनिल वर्मा, श्यामू गुप्ता, गंगा प्रसाद, रोहित, दिलीप, हरिश्चन्द्र वर्मा, वीरेन्द्र आदि ने बताया कि इसके लिए उन्होंने पीवीवीएनएल के अधिकारियों व क्षेत्रीय विधायक विनय वर्मा को मांगपत्र सौंप कर मांग की है।




