डुमरियागंज को मिलेगी नई पहचान, जल्द खुलेंगे आधुनिक सुविधाओं से युक्त केंद्र

डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। नगर वासियों को जल्द ही एक डिजिटल लाइब्रेरी, फूड प्लाजा, व्यायामशाला व चिल्ड्रेन पार्क का सौगात मिलेगा, जिसके लिए नगर पंचायत प्रशासन द्वारा जमीन चिह्नित कर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी गई हैं। बुधवार को पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने ईओ सचिन कुमार पटेल के साथ राजकीय कन्या इंटर कालेज मैदान सहित अन्य स्थानों का निरीक्षण किया। पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि नगरवासियों के सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए डिजिटल लाइब्रेरी, फूड प्लाजा, व्यायामशाला व चिल्ड्रेन पार्क के निर्माण हेतु जमीन का चिह्निकरण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया हैं। उन्होंने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य स्थानीय निवासियों, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को रोजगार, अध्ययन एवं डिजिटल संसाधनों की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि कहा कि यह पहल शहरी विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है और इसका उद्देश्य है कि बच्चों से लेकर आम जनता तक हर वर्ग को बेहतर सुविधा देना हैं। ईओ सचिन कुमार पटेल ने बताया कि मुख्यमंत्री नगर वैश्विक योजना के तहत लगभग चार करोड़ लागत से नगर क्षेत्र बनाने वाले लाइब्रेरी के लिए बैदौला, फूड प्लाजा के लिए रामनगर बनगवा, व्यायामशाला व चिल्ड्रेन पार्क परशुराम वाटिका में जमीन चिह्नित की गईं हैं। सभी जगहों का मृदा परीक्षण कराया गया हैं, जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस दौरान लिपिक हसन ताकिब रिज़वी, महंथ मिश्रा, उमाशंकर गौड़, अर्पित, विवेक, मो. हैदर, कासिम, हैदर, प्रदीप आदि मौजूद रहे।




