ऑपरेशन कवच को लेकर ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों के साथ हुई बैठक

कपिलवस्तु/सिद्धार्थनगर। रविवार को कपिलवस्तु थाना परिसर में क्षेत्राधिकारी सदर मयंक द्विवेदी की अध्यक्षता में “ऑपरेशन कवच” (एण्टी स्मगलिंग ड्राइव टीम रोस्टर) के तहत ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों के साथ गोष्ठी का आयोजन कर विस्तृत चर्चा किया गया। इस दौरान उनकी समस्याओं को सुना गया तथा उनके सुझावों को नोट किया गया। समितियों से अपराध एवं अपराधियों के संबंध में सूचनाएं साझा करने का आग्रह किया गया, ताकि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके । क्षेत्राधिकारी सदर द्वारा थानाध्यक्ष कपिलवस्तु बृजेश सिंह को निर्देशित किया गया कि ग्राम सुरक्षा समिति में अच्छी छवि वाले नए सदस्यों को शामिल किया जाए, ताकि समिति की कार्यक्षमता और प्रभावशीलता में वृद्धि हो । इस दौरान यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि अपराधियों एवं तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। थाना कपिलवस्तु पुलिस जनता के सहयोग से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और अपराधमुक्त वातावरण स्थापित करने के लिए कटिबद्ध है। जनता से अपील है कि वे पुलिस के साथ यथा सम्भव सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस स्टेशन को दें । गोष्ठी के दौरान एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट आशीष राघव मय टीम, कस्टम इंस्पेक्टर गोपाल कृष्ण शुक्ला मय टीम, इन्टेलीजेन्स ब्युरो नीरज मीना, थानाध्यक्ष कपिलवस्तु बृजेश सिंह, कवच सेल प्रभारी उ0नि0 रामकुमार यादव मय टीम, चौकी प्रभारी बजहा उ0नि0 अमला यादव, सर्विलांस सेल एवं एलआईयू आदि मौजूद रहे।



