तस्करी रोकने और बॉर्डर पर सुरक्षा सख्त करने को लेकर किया चर्चा

खुनुवां/सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के कपिलवस्तु जिले के थाना तौलिहवा क्षेत्र के मर्यादपुर पुलिस चौकी पर गुरुवार को नेपाल पुलिस व खुनुवां पुलिस की समन्वयक बैठक हुई। इसमें नेपाल पुलिस की ओर से एसएसआई सुरेंद्र विक्रम शाह व खुनुवां पुलिस चौकी से इंचार्ज सुधीर कुमार त्रिपाठी ने प्रतिनिधित्व किया। सीमा सुरक्षा व्यवस्था, नशीले पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी पर दोनों देश की नागरिक पुलिस ने समन्वयक बैठक कर समीक्षा की। इसमें सीमा चौकियों, सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी व्यवस्था एवं दोनों देशों की पुलिस के समन्वय की स्थिति पर विशेष रूप से चर्चा की गई। बैठक के दौरान अधिकारियों ने सीमा पार से होने वाली तस्करी, गो-तस्करी, अतिक्रमण तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने की दिशा में एक दूसरे के सहयोग दिये जाने पर सहमति जताई। बैठक का उद्देश्य सीमा की सुरक्षा को मजबूत करना और संवेदनशील बिन्दुओं की पहचान कर आवश्यक सुरक्षात्मक कदम उठाना था।




