खतरे को दावत दे रहा टूटे बिजली खम्भों पर लटका पड़ा है ट्रांसफार्मर

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। तहसील शोहरतगढ़ अंतर्गत बढ़नी ब्लॉक के विद्युत उपकेन्द्र ढेबरुआ अंतर्गत ग्राम पंचायत औरहवा में ट्रांसफार्मर लगा हाइटेंशन विद्युत तार वाला बिजली का दो खम्भा तीन सप्ताह पहले एक वाहन की ठोकर से टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। अभी तक टूटे हुये खम्भों के सहारे हो रही विद्युत सप्लाई से लोग डरे सहमे रहते हैं। औरहवा गांव में प्रवेश करने वाली सड़क किनारे व पंचायत भवन के सामने लगे बिजली खम्भों को राशन लदी गाड़ी ने ठोकर मार दिया। ग्रामीणों ने गाड़ी ठोकर से बिजली खम्भों के टूट जाने की सूचना बिजली विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों को दिया। लेकिन अभी तक खम्भा बदला नहीं गया। टूटे खम्भे पर ट्रांसफार्मर लटका पड़ा है।ट्रांसफार्मर के दोनों पोल के टूट जाने से खतरा बना हुआ है। इन्हीं खम्भों के सहारे बिजली की आपूर्ति हो रही है। लोगों को आशंका है कि कभी भी अप्रिय घटना घटित हो सकती है। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड अधिशासी अभियंता सुरेंद्र कुमार को ग्राम प्रधान चंद्रावती ने समस्या की जानकारी दे चुकी हैं। जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाले तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस में समस्या सम्बन्धी प्रार्थना पत्र लेकर गांव के अकबर अली, नसरुद्दीन, तौवाब अली, दीपचंद, संदीप गुप्ता, दिनेश गुप्ता, शिव कुमार, ध्रुव चंद्र, मिठाई लाल, वासुदेव, शिव शंकर, अर्जुन, विजय कुमार, मंगेश कुमार, नीतीश, ताजुद्दीन पंकज कुमार पांडेय, जहांगीर आदि लोग तहसील पर गये थे। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग के कुछ लोग प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी तक नहीं ले जाने दिये। लोग समस्या समस्या समाधान के आश्वासन पर वापस चले आये, लेकिन तीन सप्ताह से समस्या बनी हुयी है। इस सम्बन्ध में अधिशासी अभियंता सुरेंद्र कुमार ने कहा कि समस्या समाधान की कार्यवाही चल रही है।




