घर में घुसकर युवक से मारपीट, मुकदमा दर्ज

त्रिलोकपुर/सिद्धार्थनगर। जनपद सिद्धार्थनगर के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत मोहम्मदपुर गांव में ग्राम प्रधान और उनके बेटों पर एक व्यक्ति के साथ मार-पीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित रामकृपाल की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना गुरुवार देर सायं की है। आपको बता दें कि पीड़ित रामकृपाल गिट्टी और मोरंग खरीदने के लिए घर से बाहर निकल रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। हालात बिगड़ते देख रामकृपाल अपने घर में चले गये। वहीं पीड़ित के अनुसार इसके बाद ग्राम प्रधान जमील अपने तीन बेटों सज्जाद, सहबाज और जीशान के साथ जबरन घर में घुस आये और लात-घूंसे मारकर उनके साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की। ग्राम प्रधान ने कथित तौर पर अपना लाइसेंसी हथियार दिखाते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। त्रिलोकपुर थानाध्यक्ष विपिन सिंह राठौर ने बताया कि शनिवार को रामकृपाल की शिकायत पर जमील और उनके तीन बेटों के खिलाफ आईपीसी की सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।




