मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण स्वीकृत करें बैक

सिद्धार्थनगर। डी.एल.आर.सी. एवं डी.सी.सी. बैंकिंग कार्याे की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी डा0 राजा गणपति आर0 की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्री आयुष अग्रवाल, सांसद प्रतिनिधि एस0पी0अग्रवाल की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी डा0 राजा गणपति आर0 द्वारा पिछली बैठक के कार्यवृत्त की समीक्षा की गयी। जिलाधिकारी द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 में सीएम युवा के लक्ष्य 700 के सापेक्ष 542 स्वीकृत एवं 338 वितरण तथा वर्तमान में लक्ष्य 1700 के सापेक्ष 305 स्वीकृत के सापेक्ष 259 वितरण किये जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुये सभी शाखा प्रबन्धकों को आवेदनों को शतप्रतिशत स्वीकृति एवं विधानसभावार क्रेडिट कैंप लगाकर ऋण वितरण कराने का निर्देश दिया। स्वयं सहायता समूहो का कम बैक खाता खोले जाने एवं सीसीएल की कम स्वीकृति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की गयी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि विभाग से समन्वय बनाकर कार्य करें साथ ही जिन बैंको में सीसीएल की पत्रावली लम्बित है लम्बित प्रकरणो को एक माह में पूर्ण कराना सुनिश्चित करे। किसानो एवं व्यापारियों को बिना बिचौलियों के ऋण उपलब्ध कराये। जिलाधिकारी ने लीड बैंक अधिकारी एवं सभी शाखा प्रबन्धको को निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण स्वीकृत किया जाये। वार्षिक ऋण योजनान्तर्गत आवंटित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूर्ण करें। पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों के लोन एवं ग्रामीण आजीविका मिशन के सी.सी.एल के प्रकरण प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत किया जाये। किसान क्रेडिट कार्ड के प्रकरण भी शीघ्र स्वीकृत किया जाये। किसी भी योजना के पात्र लाभार्थी को अनावश्यक परेशान न किया जाये। इसके साथ ही सी0डी0 रेसियों 50 प्रतिशत से ऊपर एवं एसीपी को कार्ययोजना बनाकर बढ़ाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने लीड बैंक अधिकारी को निर्देश दिया कि सभी बैंको को मासिक लक्ष्य निर्धारित कर ऋण वितरण करायें। केसीसी एवं फसल बीमा योजना में प्रगति बढ़ाने का निर्देश दिया। लीड बैक अधिकारी ने जिलाधिकारी को जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन योजना के अन्तर्गत सीसीएल लक्ष्य 6248 के सापेक्ष 542 पत्रावलियां बैंको को प्रेषित की गयी जिसके सापेक्ष 453 समूहो को सीसीएल स्वीकृत किया गया एवं 89 लम्बित है। जिला खादी ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित योजनान्तर्गत प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अन्तर्गत वार्षिक लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है।। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के लम्बित 08 आवेदन एवं ओडीओपी के 12 आवेदन को स्वीकृत कर ऋण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। किसान क्रेडिट कार्ड योजना अन्तर्गत शासन से प्राप्त भौतिक लक्ष्य नवीनीकरण हेतु 72001 एवं नया 32567 कुल भौतिक लक्ष्य 104578 के सापेक्ष वित्तीय वर्ष 2024-25 के मार्च त्रैमास 2025 तक बैंको द्वारा कुल नवीनीकरण हेतु 72011 केसीसी एवं नया केसीसी 32596 निर्गत किये गये है। लक्ष्य के सापेक्ष कुल 104609 केसीसी निर्गत किये गये है जो कुल लक्ष्य का 100.03 प्रतिशत है। क्रेडिट कार्ड योजना के अन्तर्गत पशुपालन एवं मत्स्य पालन तथा दुग्ध उत्पादन हेतु कार्यशील पूंजी की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए बैंको से इन योजनाओ ंके अन्तर्गत किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने हेतु भारतीय रिजर्व बैंक से दिशा निर्देश जारी किये गये है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के चतुर्थ त्रैमास मार्च 2025 में वार्षिक ऋण योजनान्तर्गत बैंको को आवंटित वित्तीय लक्ष्य रू0 5252 करोड़ के सापेक्ष रू0 2765.29 करोड़ की प्राप्ति हुई है जो कुल आवंटित लक्ष्य का 52.65 प्रतिशत है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 के चतुर्थ त्रैमास मार्च 2025 तक प्राप्त कुल आवेदन 23663 के सापेक्ष रू0 296.79 करोड़ स्वीकृत/वितरित किया गया है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तर्गत युनिवर्सल सोम्पो जनरल इश्योरेंस कम्पनी लि0 द्वारा फसल बीमा किया जा रहा है। बीमा कम्पनी के प्रतिनिधि द्वारा सूचित किया गया है कि खरीफ 2024 फसल हेतु कुल 47743 किसानों ने बीमा करावाया था जिसके सापेक्ष 16372 किसानों के मध्य रू0 15.11 करेाड़ बीमा का भुगतान किया गया है। रवी वित्तीय वर्ष 2024-25 में 43326 किसानों के बीमा हेतु रू0 2.92 करोड़ का प्रीमियम प्राप्त किया गया है। जिलाधिकारी ने फसल बीमा योजना में प्रगति लाने के लिए कैंप लगाकर किसानों को जागरूक करते हुये प्रगति लाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने लीड बैंक अधिकारी को निर्देश दिया कि सीएफएल/एफएलसी द्वारा कैंप लगाकर लोगों को विभिन्न बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय धेखाधड़ी, साइबर सुरक्षा के बारे में जागरूक करें। इस बैठक में उपरोक्त के अतिरिक्त पीडी नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी, उपायुक्त उदयप्रकाश, लीड बैंक अधिकारी आर0के0सिन्हा, जिला उद्यान अधिकारी नन्हे लाल, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, समस्त बैंको के शाखा प्रबन्धक एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।




