समर कैंप का बीईओ ने किया निरीक्षण, बच्चों द्वारा की जा रही गतिविधियों में किया प्रतिभाग

भनवापुर। भनवापुर विकासखंड के संविलियन विद्यालय भरौली कैथवलिया में चल रहे समर कैंप का निरीक्षण बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारी भनवापुर राजेश कुमार द्वारा किया गया। निरीक्षण उपरांत बच्चों द्वारा की जा रही गतिविधियों में भी प्रतिभाग किया गया। संविलियन विद्यालय भरौली कैथवरिया में बच्चों द्वारा प्रातः कालीन सभा में प्रार्थना के बाद समर कैंप की शुरुआत की गई। इसके बाद बच्चों द्वारा योगाभ्यास किया गया। कैम्प में तैनात शिक्षामित्र संजय पांडे व पूनम देवी द्वारा बच्चों को चित्रकला के माध्यम से पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया। बच्चों द्वारा मनमोहक ढंग से चित्रकारी की गई। जिसे खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा काफी सराहा गया। कैंप में गीत संगीत खेल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। छात्र छात्राओं में आत्मविश्वास पैदा करने के उद्देश्य से जीवन कौशल के विकास पर भी जोर दिया गया। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि प्रतिदिन सुबह 7 से 10 बजे तक समर कैंप का आयोजन किया जाता है। प्रत्येक परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं कंपोजिट विद्यालय में अनुदेशकों एवं शिक्षामित्र की तैनाती की गई है। 21 मई से 10 जून तक समर कैंप आयोजित होगा। उन्होंने यह भी बताया कि बच्चों में सामाजिक चेतना खेलकूद, कला, सांस्कृतिक गतिविधियां करा कर उन्हें जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि समर कैंप में अभिभावकों को जागरुक करते हुए नवीन नामांकन पर भी जोर दिया जा रहा है।




