
सिद्धार्थनगर। आज दिनांक 23.05.2025 को 50वीं वाहिनी बलरामपुर के सीमा चौकी बढ़नी में आयुक्त बस्ती मण्डल बस्ती श्री अखिलेश सिंह, कीे अध्यक्षता में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर जीरो लाइन से भारतीय क्षेत्र के तरफ 0-5 किलोमीटर एवं 5-15 किलोमीटर के अंदर सरकारी जमीन पर अवैध अतिक्रमण को हटाने एवं भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर होने वाले तस्करी को रोकने के संबन्ध में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान भारत नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा जीरो लाइन से भारतीय क्षेत्र के तरफ 0-5 व 5-15 किलोमीटर भारतीय क्षेत्र में सरकारी जमीनों पर हुए अवैध अतिक्रमण स्थलों को चिन्हित कर जिला प्रशासन व एस. एस. बी के साझा प्रयास से हटाना सुनिश्चित किया जाए। सीमाई क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध निर्माण के संबंध में सूचना प्राप्त होती है तो तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचित किया जाए जिससे प्रारम्भिक स्तर पर ही त्वरित कार्यवाही कर अवैध निर्माण को रोका जा सके। सीमाई क्षेत्र में संचालित मदरसों/मस्जिदों में बाहर से आए नए लोगों की सूची तैयार कर आपस में साझा कर उनके कार्यवृत पर नजर बनाए रखे। सीमाई क्षेत्र में रहने वाले एस.एस.बी,पुलिस व अन्य विभागों से सेवानिवृत्त हुए कार्मिकों की पहचान कर सूची तैयार कर आपस में साझा करें। साथ ही उनके साथ समन्वय स्थापित करें जिससे सीमाई क्षेत्र में सक्रिय तस्करों/अपराधियों के संबंध में सूचना एकत्रित करने हेतु उनका सहयोग लिया जा सके। भारत नेपाल सीमा के नजदीक रहने वाले ऐसे नागरिकों की पहचान कर सूची तैयार करें जिसके पास भारत और नेपाल दोनों देशों का नागरिकता है तथा उस सूची से स्थानीय प्रशासन को अवगत कराया जाए। सीमाई क्षेत्र में होने वाले तस्करी व अपराधों को रोकने हेतु सभी सिस्टर एजेन्सीस द्वारा आसूचनाओं को आपस में समय से साझा कर संयुक्त प्रचालन गतिविधियों को क्रियान्वित करें जिससे तस्करी व अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके। गत 15 वर्षों में एस. एस. बी और पुलिस के द्वारा प्राथमिक क्षेत्र जैसे मानव तस्करी, नकली नोटों की तस्करी, हथियारों की तस्करी, नशीली पदार्थों की तस्करी, सोने दृचांदी की तस्करी, वन जीवों की तस्करी आदि में जब्ती के दौरान अभिरक्षा/गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की सूची तैयार कर आपस में साझा करें तथा उसका विश्लेषण करके उनके संबंध में नवीनतम जानकारी एकत्रित कर उनके कार्यवृत पर नजर बनाए रखे। वाहिनी के कार्यक्षेत्र के चेक पोस्टों के रास्ते भारत से नेपाल व नेपाल से भारत आ-जा रहे बसों व बसों में बैठे सवारियों तथा उनके वैध्य दस्तावेजों की उचित जांच के उपरांत ही आने जाने की अनुमति दिया जाए। आगामी धान की खेती को देखते हुए खाद की तस्करी की संभावना है । अतः सीमाई क्षेत्र में अवैध तरीके से खाद संग्रह कर रखे गोदामों को जिला प्रशासन, कृषि विभाग एवं सशस्त्र सीमा बल के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी कर उसे जब्त करने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक के दौरान कमांडेंट, 43वीं वाहिनी श्री उज्जल दत्ता, द्वितीय कमान अधिकारी, 50वी वाहिनी श्री कस्तूरी लाल, उप कमांडेंट 43वीं वाहिनी श्री यशवंत कुमार, व पुलिस उप महानिरीक्षक, बस्ती परिक्षेत्र बस्ती श्री दिनेश पी., जिलाधिकारी डॉ राजागणपति आर.,पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक महाजन, अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी तहसील नौगढ़, शोहरतगढ़, सीमाई क्षेत्र में अवस्थित पुलिस थाना अध्यक्ष तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे ।


