अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन

सिद्धार्थनगर। जैव विविधता दिवस आयोजित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान बांसी, सिद्धार्थनगर एवं ह्यूमाना पीपल टू पीपल इंडिया के संयुक्त तत्वाधान में अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्थान के प्राचार्य उमेश कुमार त्रिपाठी जी एवं उप प्राचार्य श्री लालजी पाण्डेय के कुशल मार्गदर्शन एवं संरक्षण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रवक्ता मोहम्मद युनुस के विषय प्रवर्तन से हुआ। उन्होंने अन्तर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के बारे बताया कि यह दिवस संयुक्त राष्ट्र द्वारा 1993 में आयोजित जैव विविधता सम्मेलन से 29 दिसंबर को मनाया जाने लगा परन्तु वर्ष 1992 के सम्मेलन प्रपत्र को स्वीकार करने की स्मृति के उपलक्ष्य में वर्ष 2000 से इसे प्रतिवर्ष 22 मई को मनाया जाने लगा। उन्होंने इस अवसर पर एक ओजपूर्ण कविता का पाठन भी किया। इस दौरान छात्राध्यापकों ने विभिन्न प्रकार के सुंदर और रंगीन चार्ट बनाए और प्रदर्शित किए एवं उस पर अपने विचार प्रकट किए और कार्यक्रम की थीम पर भाषण दिए। जागरूकता सम्बन्धी नारे लगाए, कविता पाठ किया। कार्यक्रम के आकर्षण का केंद्र रहा वाद- विवाद सत्र जिसमें दोनों पक्षों ने अपने विचार मजबूती से रखे और अंत में निष्कर्ष पर पहुंचे कि हमारे धरती को जैव विविधता की आवश्यकता है और मानव से इसका सीधा संबंध है अतः वन्य जीवों और प्रकृति के संरक्षण द्वारा मनुष्य का सतत विकास संभव है । सभी ने इस सत्र को बहुत सराहा। इस कार्यक्रम को आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य जैव विविधता और सतत विकास के सम्बन्ध के प्रति लोगों को जागरूक करना था। इस कार्यक्रम के दौरान संस्थान के प्रवक्ता साथी मोहम्मद युनुस, बद्रीनाथ त्रिपाठी, अनिल कुमार बिंद, अनुराग श्रीवास्तव, श्रवण अग्रहरि एवं ह्यूमाना पीपल टू पीपल इंडिया से अभिषेक पाल तथा हेमंत कुमार एवं दोनों सत्रों के प्रशिक्षु उपस्थित रहे।




