शिशु पोषण केंद्र के नियमित संचालन हेतु पूर्व विधायक ने डीएम को लिखा पत्र

डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। तहसील परिसर में विधायक निधि द्वारा निर्मित शिशु पोषण केंद्र के नियमित संचालन हेतु पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने डीएम को पत्र लिखा। पूर्व विधायक द्वारा डीएम डा. राजा गणपति आर. को भेजे पत्र में बताया कि विधायक निधि वर्ष 2021-22 के तहत तहसील डुमरियागंज प्रांगण में प्रदेश का पहला अनोखा एवं अद्भुत शिशु पोषण भवन का निर्माण कराया गया था। इस भवन की परिकल्पना उन लाचार एवं जरूरतमंद महिलाओं की सुविधा हेतु की गई थी, जो अपने छोटे बच्चों के साथ तहसील अथवा अन्य शासकीय कार्यों से आती हैं और जिन्हें पोषण(स्तनपान) एवं विश्राम हेतु एक सुरक्षित स्थान की आवश्यकता होती है। यह अत्यंत खेदजनक है कि वर्तमान में यह भवन कतिपय कारणों से बंद पड़ा हुआ है, जिससे न तो इसका समुचित उपयोग हो पा रहा है और न ही उद्देश्य की पूर्ति। उन्होंने अपने पत्र के माध्यम से डीएम से आग्रह किया हैं कि नगर पंचायत या अन्य विभाग के कर्मचारियों की सहायता से उक्त भवन की नियमित साफ-सफाई एवं देखरेख सुनिश्चित कराई जावे।




