पी.एच.सी. नौवा गांव के उच्चीकरण व मरम्मत हेतु पूर्व विधायक ने डीएम को लिखा पत्र

डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। शाहपुर स्थित हिन्दू भवन पर बुधवार को पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह जनसुनवाई कर रहे थे, जिसमें ग्रामीणों द्वारा पी.एच.सी. नौवा गांव की स्थिति से पूर्व विधायक को अवगत कराया गया, और आवश्यक समाधान का आग्रह किया गया। पूर्व विधायक द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौवा गांव के उच्चीकरण व मरम्मत हेतु डीएम सिद्धार्थनगर डा. राजा गणपति आर. को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की बात कहीं। पूर्व विधायक द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया कि डुमरियागंज ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौवा गांव में प्रतिदिन दो दर्जन से अधिक ग्रामों के मरीजों का इलाज होता है। क्षेत्रीय जनसंख्या की अपेक्षा यह केंद्र अत्यंत महत्त्वपूर्ण है, किंतु वर्तमान में इसकी स्थिति अत्यंत दयनीय है, जिससे मरीजों एवं आमजन को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में अस्पताल परिसर की बाउंड्री का 2 फीट तक ऊंचीकरण, परिसर में स्थित कर्मचारियों के आवासों की मरम्मत एवं रंगाई-पुताई, मरीजों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था तथा सामुदायिक शौचालय का निर्माण तथा डुमरियागंज बांसी मुख्य सड़क पर अस्पताल का स्पष्ट दिशा सूचक बोर्ड लगाया जाना जनहित में आवश्यक हैं। पूर्व विधायक ने इस जनहित के कार्य हेतु यथाशीघ्र आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करने की बात कही हैं।




