मंदिर में स्थापित मूर्तियों को अराजक तत्वों ने किया खंडित, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी

बहराइच। अराजक तत्वों ने अमानवीय कार्य करते हुए एक मंदिर में स्थापित मूर्तियों को तोड़ दिया। जब इसकी जानकारी सुबह ग्रामीणों को हुई तो लोगों में हड़कंप मच गया और आक्रोश भी फैल गया। जब पुलिस को सूचना मिली तो पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मिली जानकारी अनुसार बहराइच जिले में खैरीघाट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामपुर धोबियाहार निवासी सीताराम गुप्ता के घर के सामने शिव मंदिर स्थित है। जिसमें विभिन्न देवी देवताओं की मूर्तियां स्थापित हैं। मंदिर में स्थापित मूर्तियों को मंगलवार रात अराजक तत्वों ने तोड़ दिया। सुबह चार बजे इसकी जानकारी सीताराम को हुई तो उन्होंने अन्य लोगों को सूचना दी। गांव के लोग एकत्रित हुए तथा पुलिस को घटना से अवगत कराया गया। चौकी इंचार्ज टी एन मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने मामले की जांच की। थानाध्यक्ष जयदीप दुबे ने मौके पर पहुंच कर जांच की। पुलिस बल गांव में तैनात है। मंदिर के संस्थापक सीताराम गुप्ता ने थाने में तहरीर दी है। उनका कहना है कि महाशिवरात्रि पर मंदिर में भगवान शिव, लक्ष्मी और गणेश की मूर्तियों की स्थापना हुई थी। विश्व हिंदू परिषद के ब्लॉक अध्यक्ष हिमांशु वर्मा ने मूर्ति खंडित किए जाने पर नाराजगी जताई और जल्द घटना का खुलासा करने और अराजक तत्वों को गिरफ्तार करने की मांग किया।




