नव नियुक्त जिला अध्यक्ष शिवेंद्र प्रताप सिंह ने वरिष्ठ नेता विनय सिंह से मिलकर लिया आशीर्वाद

बहराइच। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष शिवेन्द्र प्रताप सिंह ने आज वरिष्ठ नेता विनय सिंह से मिलकर आशीर्वाद लिया तथा पूर्ण सहयोग एवं समर्थन करने के लिए निवेदन किया। इस दौरान नव नियुक्त जिलाध्यक्ष का मुंह मीठा कराकर कांग्रेस नेता विनय सिंह ने हार्दिक शुभकामनाएं देकर कहा कि आज सिर्फ मुंह मीठा करा रहे हैं जबकि माला आगामी 5 अप्रैल को तमाम साथियों के साथ पहनाऐंगे। नव नियुक्त जिलाध्यक्ष शिवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि वे इस समय बहराइच जनपद के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों तथा कांग्रेस परिवार एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के सदस्यों से मिलकर उनका आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवार में कुछ लोग अगर उनसे नाराज है तो उन्हें मनाने का पूरा प्रयास करूँगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि स्वार्थी लोग अपने निजी स्वार्थ के लिए कांग्रेस जनों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम बयानबाजी और फर्जी डींगे मारने के बजाय छोटी लाइन पर अपने क्षमता और से बड़ी लाइन खीचने का प्रयास करेंगे। जो कुछ ही दिनों में दिखने लगेगा। उन्होंने यह भी बताया कि तमाम कांग्रेस जनों के फोन उनके पास आ रहें जो अभी तक उपेक्षित, निराश, और क्षुब्ध रहे हैं तथा कुछ शोषण के शिकार हो गये थे। जिन्हें फिर से ससम्मान कांग्रेस के मंच पर लाया जाएगा। उन्होंने स्वागत समारोह न करके बल्कि आशीर्वाद समारोह करने का निश्चय किया है जिसमें वरिष्ठों को मंच तक लाकर सम्मान पूर्वक आशीर्वाद तथा मार्गदर्शन लिए जाने की बात कही। उन्होंने आज महान समाज सुधारक एवं अलीगढ़ मुस्लिम युनिवर्सिटी के संस्थापक सर सैय्यद अहमद जी को खिराजे अकीदत पेश करते हुए कहा कि देश और समाज में उनका योगदान अमिट है। इस अवसर इंटक के जिलाध्यक्ष पंडित देवेन्द्र मिश्रा, महासचिव दीपेन्द्र वेलदार उमेश तिवारी गिरजेश यादव आदि ने नवनियुक्त अध्यक्ष को लड्डू खिलाकर शुभकामनाएं दी।




