आक्रांता का महिमा मंडन करना देशद्रोह है-योगी आदित्यनाथ

बहराइच। बहराइच जिले के मिहींपुरवा (मोतीपुर) तहसील का उद्घाटन करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को सुबह 10बजकर 30 मिनट पर हेलीकॉप्टर से पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने नव निर्मित तहसील भवन का लोकार्पण किया। फिर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आक्रांता का महिमा मंडन करने वाले लोगों पर जमकर हमला किया साथ ही जिले को नए बाईपास की स्वीकृति देते हुए विकास पर जोर दिया। मिली जानकारी अनुसार जनपद के मिहीपुरवा (मोतीपुर) में तहसील का भवन बनकर तैयार हुआ। जिसका उद्घाटन बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा किया गया। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में भेड़िया ने आतंक मचाया तो वह पकड़ा गया। वन्यजीव के हमले में मौत से दुख होता है, लेकिन आश्रितों को तुरंत मुआवजा भी दिया जाता है। उन्होंने फिर कहा कि भारत में रहने वाले लोग आक्रांताओं का महिमा मंडन करते हैं, यह नहीं चल सकता और यह देशद्रोह है। उन्होंने कहा कि जिले की वर्ष 2017 से पहले जीडीपी छह हजार करोड़ रूपये से कुछ अधिक थी जबकि आठ साल में चार गुना से अधिक 25 हजार करोड़ रूपये की हो गई। उन्होंने कहा कि बहराइच की पहचान कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग, महाराजा सुहेलदेव से है। इको टूरिज्म के तहत वन्यजीव में काफी विकास कराएंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही महाराजा सुहेलदेव की स्मारक का भी उद्घाटन होगा। ऐसे में लोग वीरों के शौर्य को न भूलें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के एक लाख 10 हजार लोगों को आवास मिल चुका है जबकि 1041 ग्राम पंचायत में सामुदायिक शौचालय बन गया है। उन्होंने कहा कि सरकार वृद्ध, विधवा और विकलांगों को पेंशन दे रही है। इस दौरान विधायक सरोज सोनकर, सांसद डॉक्टर आनंद गोंड, विधायक प्रतिनिधि आलोक जिंदल, अन्य विधायक के साथ जिलाधिकारी मोनिका रानी, एसपी राम नयन सिंह, सीडीओ मुकेश चंद्र, एडीएम गौरव रंजन श्रीवास्तव, एसडीएम अश्विनी कुमार मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहराइच जिले में नए बाईपास निर्माण की मंजूरी दे दी है। ऐसे में कतर्नियाघाट जंगल और महाराजा सुहेलदेव स्थल पर आने वाले पर्यटक एक घंटे में लखनऊ से बहराइच तक का सफर तय कर सकेंगे।




