पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में किशोरावस्था शिक्षा कार्यक्रम का आयोजन’

सिद्धार्थनगर। जवाहर नवोदय विद्यालय बांसी में किशोरावस्था शिक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. वी.के. शुक्ला, चिकित्साधिकारी सीएचसी बसंतपुर ने शिरकत की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय की छात्राओं को उनके शारीरिक, मानसिक स्वास्थ्य और समग्र कल्याण के बारे में जागरूक करना था। डॉ. शुक्ला ने विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक परिवर्तनों, मानसिक दबावों, खानपान, स्वच्छता, और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से किशोरियों को उनके मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक समस्याओं के बारे में खुलकर बात करने के लिए प्रोत्साहित किया, ताकि वे किसी भी समस्या से जूझने में अकेला महसूस न करें। साथ ही, उन्होंने किशोरियों को सही आहार, शारीरिक व्यायाम और तनाव से निपटने के उपायों पर भी जानकारी दी। इस कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय प्रशासन द्वारा छात्राओं के शारीरिक और मानसिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया था, और इसके माध्यम से छात्राओं को आत्म-संवर्धन और आत्म-सम्मान के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने डॉ. वी.के. शुक्ला से सवाल किए और उन्हें अपने स्वास्थ्य और मानसिक स्थिति के बारे में व्यक्तिगत मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगणएस.के.श्रीवास्तव, ए.के. मिश्रा, सुषमा दुबे, रंजन मिश्रा आदि के साथ साथ छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। यह कार्यक्रम न केवल छात्राओं को उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में सफल रहा, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाया।




