बिना किसी सुरक्षा के नाबालिग लड़का कर रहा बीडीओ कार्यालय बढ़नी भवन पर चढ़कर साफ-सफाई

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश सरकार जहां एक तरफ सर्व शिक्षा अभियान चलाकर हर बच्चे को शिक्षित करना चाहती है। जिसके लिए किताब, ड्रेस, जूता, मोजा, बैग आदि सारी सुविधाएं मुहैया करवाकर निःशुल्क शिक्षा देने की व्यवस्था कर रखी है। वहीं हमारे समाज में कुछ ऐसे भी लोग हैं। जिन्हें सिर्फ अपने ही बच्चों के भविष्य की चिन्ता है। शायद उनकी नजर में गरीब परिवार के बच्चों की कोई अहमियत नहीं है। इसलिए नाबालिग बच्चों को कहीं पर भी मजदूरी के लिए काम पर लगा देते हैं। जबकि नाबालिग बच्चों से मेहनत मजदूरी करवाना कानून जुर्म है और उसके लिए शासन प्रशासन ने कुछ नियम कानून भी बना रखें हैं। फिर भी यह सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। आपको बता दें कि एक ऐसा ही मामला सोमवार को विकास खण्ड बढ़नी कार्यालय का सामने आया है। जहां पर एक नाबालिग लड़का खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय की साफ-सफाई व रंगाई-पुताई आदि कार्य करते हुए नजर आ रहा है। जिसका एक विडियो भी सामने आया है। जो बिना किसी सुरक्षा के भवन के ऊपर चढ़कर कार्य कर रहा था। जिससे उसके जान को भी खतरा था। लेकिन फिर भी किसी जिम्मेदार अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया। जबकि ब्लाक मुख्यालय पर कई ग्राम विकास/पंचायत अधिकारी सहित अन्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों का आना-जाना लगा रहता है और कार्यालय पर सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं। जिसके जरिए कार्य करने व आने-जाने वाले लोगों पर भी नजर रखा जाता है। फिर भी किसी जिम्मेदार अधिकारी की नजर उस लड़के पर क्यों नहीं पड़ी ? अब सवाल उठता हैं कि आखिर उस लड़के पर नजर नही पड़ी या फिर ऐसे मामलों को नजर अंदाज किया जा रहा है? जो नियम और कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही है। फिलहाल ऐसी चीज़ों पर लगाम कैसे लगेगा। यह जांच का विषय है और लोगों के बीच भी चर्चा का बिषय बना हुआ है।




