खेत की रखवाली करने गए किसान को हाथी ने रौंद कर मार डाला

बहराइच। फसल की रखवाली कर रहे किसान की हाथी के हमले में मौत हो गई। वन विभाग और पुलिस के अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मिली जानकारी अनुसार सुजौली थाना क्षेत्र के ग्राम बर्दिया जंगल के निकट बसे हुए गांव निवासी किसान बृजलाल (75) सोमवार रात को खेत की रखवाली के लिए गया था। किसान पेड़ से लगे मचान पर बैठा था। जंगली और पालतू जानवरों से वह फसल की सुरक्षा कर रहा था। इसी दौरान रात ढाई से तीन बजे के मध्य एक हाथी आ गया। उसने इंसान की गंध महसूस करते हुए पेड़ को उखाड़ दिया। किसान के नीचे गिरते ही हाथी ने पैर से रौंद डाला, जिससे किसान की मौत हो गई। मंगलवार सुबह किसान के घर न आने पर लोगों ने तलाश शुरू की तो पेड़ गिरा देखा। हाथी के पदचिन्ह बने मिले। इसकी जानकारी रेंज कार्यालय में दी गई। वन क्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ मौके पर पहुंचे। उन्होंने हाथी के हमले की पुष्टि करते हुए डीएफओ को घटना की जानकारी दी। पुलिस और वन विभाग की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
किसान पेड़ के मचान पर बैठा फसल की रखवाली कर रहा था। आधी रात को हाथी ने पहले पेड़ उखाड़ फेंका। इसके बाद जमीन पर किसान के गिरते ही रौंद डाला। कई बार मना करने के बाद भी लोग रात में जंगल के निकट जा रहे हैं। जिससे जान गंवानी पड़ रही है… बी शिव शंकर डीएफओ।



