एक दिवसीय माटीकला जागरूकता एवं निःशुल्क विद्युत चालित चाक वितरण कार्यक्रम का हुआ आयोजन

सिद्धार्थनगर। जिला ग्रामोद्योग कार्यालय सिद्धार्थनगर के तत्वाधान में उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा आयोजित एक दिवसीय माटीकला जागरूकता एवं निःशुल्क विद्युत चालित चाक वितरण कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को डा0 भीमराव अम्बेडकर सभागार विकास भवन के परिसर में सम्पन्न हुआ। जिसके बतौर मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि एस0पी0 अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में आईएएस मुख्य विकास अधिकारी जयेन्द्र कुमार एवं मुख्य प्रबन्धक मार्गदर्शी बैंक मौजूद रहें। कार्यक्रम में लगभग 200 से अधिक संख्या में माटीकला से जुडे कारीगर व कुम्हार/प्रजापति समाज के लोग उपस्थित रहें। जागरूकता शिविर में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सिद्धार्थनगर गंगाधर दूबे ने सभी अतिथियों का बुके व अंग वस्त्र देकर स्वागत किया गया। प्रबन्धक खादी तथा ग्रामोद्योग दीपक मिश्रा द्वारा कार्यक्रम के आयोजन व विभाग द्वारा संचालित रोजगारपरक योजनाओं पर विस्तृत प्रकाश डाला गया। इसके साथ ही मुख्य अतिथि द्वारा वर्तमान वित्तीय वर्ष में चयनित 30 लाभार्थियों को निःशुल्क विद्युत चालित चाक का वितरण किया गया एवं मण्डल स्तर पर विगत वर्षों में पुरस्कृत माटीकला के शिल्पकारों को अंगवस्त्र एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही मण्डल स्तर पर माटीकला पुरस्कार योजना में प्रथम स्थान पर पुरस्कृत श्रीमती नीलम प्रजापति जिनके द्वारा माटीकला के कलात्मक वस्तुओं का निर्माण किया जाता है, के द्वारा भी जागरूकता कार्यक्रम में प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। मुख्य प्रबन्धक मार्गदर्शी बैंक आर0के0 सिन्हा द्वारा बैंक से ऋण प्राप्त करने की जानकारी दी गयी। मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के माध्यम से 10.00 लाख का ऋण लेकर कार्य कर रहें चन्द्र भूषण प्रजापति द्वारा भी उद्योग स्थापना की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एस0पी0 अग्रवाल द्वारा सभी को ग्रामीण अंचल में पूर्व से चल रहे माटीकला के कार्यों के महत्व के बारें में बताते हुए हुनर को और अधिक बढावा देने तथा माटीकला के उत्पाद को विकसित करने के उद्देश्य से सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना की गयी तथा स्वरोजगार की योजनाओं का लाभ लेने हेतु उत्साहित किया गया। आईएएस मुख्य विकास अधिकारी जयेन्द्र कुमार द्वारा अपने उद्बोधन में प्रजापति/कुम्हार वर्ग के लोगों द्वारा इस परम्परागत मिट्टी कला उद्योग को विभाग द्वारा संचालित किये जा रहे जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की गयी तथा अधिक से अधिक लोगों को योजना से जुड़कर लाभान्वित होने हेतु प्रेरित किया गया तथा बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया गया। इसके अतिरिक्त जिला अल्पसंख्यक अधिकारी तन्मय द्वारा भी लोगों को योजनाओं का लाभ लेने प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ सहायक विष्णु त्रिपाठी द्वारा किया गया। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सिद्धार्थनगर द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए माटीकला से जुड़े उद्यमियों से अपने परम्परागत कार्य को और अच्छे तरीके से करनेे के साथ-साथ अपनी आर्थिक स्थिति को सुधारने तथा उ0प्र0 माटीकला बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेने हेतु आह्वाहन किया गया।




