बढ़नी बाजार में नगर अध्यक्ष ने गिनाईं मोदी सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियां

दैनिक बुद्ध का संदेश
बढ़नी/सिद्धार्थनगर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे जनसंपर्क एवं जनजागरण अभियान के क्रम में आज बढ़नी बाजार क्षेत्र में संपर्क अभियान चलाया गया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद बढ़नी के अध्यक्ष सुनील अग्रहरि एवं भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी रमेश मणि त्रिपाठी ने कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में जाकर आमजन से संपर्क किया तथा केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। नेताओं ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, आधारभूत संरचना, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण तथा डिजिटल क्रांति के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य सफलतापूर्वक किया गया है। जनसंपर्क अभियान के दौरान नागरिकों को सरकार की प्रमुख योजनाओं एवं उपलब्धियों से संबंधित साहित्य भी वितरित किया गया। आमजन ने सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए अभियान में सकारात्मक सहभागिता दिखाई। भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।



