सीमा पर एसएसबी की कार्रवाई, 23 बोरी यूरिया खाद के साथ युवक गिरफ्तार

दैनिक बुद्ध का संदेश
ककरहवा, सिद्धार्थनगर।भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने के अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 43वीं वाहिनी के जवानों ने ककरहवा सीमा चौकी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 23 बोरी यूरिया खाद, एक पियाजियो ऑटो और एक युवक को पकड़ लिया। बरामद सामान व आरोपित को आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।एसएसबी के अनुसार, सोमवार को विशेष गश्ती अभियान के दौरान सीमा स्तंभ संख्या 543/1 के निकट एक पियाजियो ऑटो संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। जवानों ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें 23 बोरी यूरिया खाद लदी मिली। पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान अंकुश पुत्र धर्मराज चौधरी, निवासी ग्राम पतीला, पोस्ट बगही, थाना मोहाना, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में बताई। पूछताछ के दौरान युवक खाद से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने बताया कि वह खाद को अधिक मूल्य पर बेचने के उद्देश्य से नेपाल ले जा रहा था। इसके बाद एसएसबी ने खाद, वाहन संख्या यूपी-55 एटी 6144 तथा युवक को हिरासत में ले लिया।एसएसबी ने जब्त की गई 23 बोरी यूरिया खाद, पियाजियो ऑटो तथा आरोपित को आवश्यक कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग ककरहवा को सौंप दिया। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी, मानव तस्करी, नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध मुद्रा एवं वन्यजीवों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए वाहिनी द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सीमा पर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है तथा तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।




