प्राइवेट अस्पतालों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग,, सोनभद्र

सोनभद्र। पूर्व विधायक एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ने शनिवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जिले के निजी अस्पतालों में हो रही कथित अनियमितताओं की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन सौंपते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के कई निजी अस्पतालों में लगातार मरीजों की मौत के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से सर्जरी और उपचार किए जाने के कारण मरीजों की जान जा रही है, जिससे आम लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।
अविनाश कुशवाहा ने कहा कि जिले में संचालित निजी अस्पतालों की निष्पक्ष एवं व्यापक जांच कराई जाए तथा जिन अस्पतालों में नियमों की अनदेखी कर इलाज किया जा रहा है, उनके संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि कथित लापरवाही या अनियमितताओं के कारण जान गंवाने वाले मरीजों के परिजनों को न्याय दिलाया जाए।
उन्होंने जिलाधिकारी से स्वास्थ्य विभाग की भूमिका की भी जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही या संरक्षण देने की बात सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जानी चाहिए।


