सर्राफा व्यापारियों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन, आपत्तिजनक लेख पर कार्रवाई की मांग

दैनिक बुद्ध का संदेश
बांसी/सिद्धार्थनगर। बुधवार को बांसी में सर्राफा व्यापार मंडल के अध्यक्ष रोबिन वर्मा के नेतृत्व में स्वर्णकार व्यापारियों ने पूर्व मंत्री एवं बांसी विधायक राजा जय प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने एक स्थानीय पत्रकार द्वारा प्रकाशित कथित आपत्तिजनक लेख पर कड़ी नाराजगी जताई। व्यापारियों का आरोप है कि उक्त लेख में पूरे स्वर्णकार समाज को गलत तरीके से दो नंबर के धंधे में संलिप्त बताया गया है, जबकि इस संबंध में कोई ठोस प्रमाण या आधिकारिक जांच नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि यह लेख न केवल भ्रामक है, बल्कि समाज के मान-सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है। ज्ञापन में शासन-प्रशासन से मांग की गई कि संबंधित पत्रकार से पूछा जाए कि उसने किन आधारों और साक्ष्यों पर यह लेख प्रकाशित किया। यदि आरोप निराधार पाए जाते हैं, तो उसके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। इस दौरान अध्यक्ष रोबिन वर्मा, उपाध्यक्ष रवींद्र वर्मा, संगठन मंत्री श्रीराम वर्मा, महामंत्री फैज खान, अंगद वर्मा, सलाहकार मंत्री दिनेश चंद्र वर्मा, मनोज वर्मा, प्रेम सागर वर्मा, रजनीश प्रेम, उमेश चंद्र सहित सैकड़ों की संख्या में स्वर्णकार व्यापारी मौजूद रहे।




