पुलिस अधीक्षक का पयागपुर व विशेश्वरगंज थानों पर औचक निरीक्षण

दैनिक बुद्ध का संदेश
बहराइच। पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना पयागपुर एवं थाना विशेश्वरगंज का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महिला हेल्पडेस्क पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों की पेंडेंसी की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि सभी प्रार्थना पत्रों को विधिवत रजिस्टर में अंकित कर समयबद्ध एवं विधिसम्मत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रत्येक प्रकरण में थाना प्रभारी द्वारा स्वयं फरियादियों से फीडबैक लेने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान आगंतुकों एवं फरियादियों के साथ शिष्ट, संवेदनशील और सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करने, बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा शौचालयों की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। मालखाने के निरीक्षण में माल को क्रमवार एवं वर्षवार व्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने तथा रजिस्टरों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। वहीं मेस में साफ-सफाई बनाए रखने और निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने को कहा गया। इसके अलावा थाना परिसर, हवालात, बैरक एवं शौचालयों की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और संसाधनों के उचित रख-रखाव पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए। सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और उनकी सही दिशा सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले सभी फरियादियों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका त्वरित और विधिक निस्तारण करें, जिससे आमजन को अनावश्यक रूप से मुख्यालय न जाना पड़े। साथ ही थाना परिसरों में संचालित मिशन शक्ति केंद्रों का निरीक्षण कर उनके प्रभावी संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।




