खलिहान पर कब्जे की कोशिश नाकाम, प्रशासन ने रुकवाया निर्माण कार्य

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत चनरगड्डी के टोला बभनी में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। खलिहान, पोखरा एवं बंजर भूमि पर किए जा रहे निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्राम निवासी पिंगल मौर्य ने उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि गाटा संख्या 112, 96, 99, 101, 102 एवं 103 की भूमि पर अवैध निर्माण किया जा रहा है। राजस्व अभिलेखों में उक्त भूमि खलिहान, पोखरा एवं बंजर के रूप में दर्ज है। शिकायत के आधार पर हल्का लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर जांच की और निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया। साथ ही संबंधित लोगों को सख्त चेतावनी भी दी गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि उक्त भूमि को पूर्ण रूप से कब्जामुक्त कराया जाए, ताकि सार्वजनिक उपयोग की इस जमीन को सुरक्षित रखा जा सके।




