गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

स्कूल चलो अभियान के तहत बगुलहवा प्रा.वि. में निकली जागरूकता रैली

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बगुलहवा में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत भव्य रैली निकाली गई। रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गांव की गलियों में घूम-घूमकर लोगों को अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया। रैली के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक नारे लगाए। “हर बच्चा स्कूल जाएगा, देश का भविष्य बन जाएगा”, “आओ मिलकर कदम बढ़ाएं, बच्चों को स्कूल पहुंचाएं” और “शिक्षा है सबसे बड़ा धन, इससे रोशन हो जीवन”। रैली के माध्यम से पूरे गांव में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ। रैली के पश्चात विद्यालय परिसर में शैक्षिक संगोष्ठी, वार्षिकोत्सव एवं परीक्षा फल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक विनोद कुमार सिंह, एसएमसी अध्यक्ष निसार अहमद चौधरी, शिक्षक संजय कुमार एवं तौफीक अहमद उपस्थित रहे। साथ ही अभिभावकों की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिनमें राम निवास, बेचन राम, बिलाल अहमद, सकीरा, साहिदा एवं ज्योति शामिल रहे। इस अवसर पर विद्यालय के 17 छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा परिणाम वितरित किया गया। इनमें प्रमुख रूप से सपना, अनुष्का, संजना, जोया, फरहाना एवं सुनैना समेत अन्य बच्चे शामिल रहे। प्रधानाध्यापक ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे का विद्यालय जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके। अंत में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!